बिहार चुनाव : पति को पत्नी से मिल रही है चुनौती
छपरा जिले के बनियापुर के वर्तमान बाहुबली विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह को अपनी ही पत्नी से चुनाव में निपटना पड़ रहा है। इस चुनाव में वह एकमा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल (युनाइटेड) के प्रत्याशी हैं। धूमल सिंह की पहचान राज्य में एक बाहुबली विधायक के रूप में है। सिंह हत्या, लूट और अपहरण जैसी घटनाओं के करीब एक दर्जन मामलों में आरोपी हैं लेकिन पिछले चुनाव से इन्हें अपनी पत्नी सीता देवी से ही टक्कर मिल रही है।
सिंह ने इस विधानसभा क्षेत्र से पांच अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल किया तो ठीक एक दिन बाद पूरी तैयारी के साथ उनकी पत्नी सीता ने भी उन्हें चुनावी टक्कर देने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। वैसे इस चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने यहां से जहां कामेश्वर सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है वहीं कांग्रेस ने डा. एस़ कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है।
पिछले चुनाव में भी जब सिंह बनीयापुर से चुनाव लड़ रहे थे तब भी सीता निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही थीं हालांकि उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था।
इस विषय में धूमल सिंह ने आईएएनएस को बताया कि पत्नी अगर चुनाव मैदान में हैं तो क्या हुआ। उन्होंने दोनों के बीच किसी प्रकार के विरोध को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव में पति और पत्नी में विरोध हो जाता है और फिर दोनों एक हो जाते हैं।
बहरहाल, मामला जो भी हो परंतु एक पति के खिलाफ पत्नी के निर्दलीय चुनाव लड़ने से एकमा क्षेत्र का मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब देखना है कि इस चुनावी जंग में विजयी कौन होता है।
उल्लेखनीय है कि एकमा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के तीसरे चरण के तहत 28 अक्टूबर को मतदान होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications