पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा समारोह शुरू
कोलकाता, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा समारोह बुधवार को धूमधाम के साथ शुरू हो गया। राज्य के इस सबसे बड़े धार्मिक पर्व में श्रद्धालु देवी दुर्गा के स्वागत के लिए तैयार हैं।
पांच दिवसीय दुर्गा पूजा उत्सव षष्ठी से शुरू होता है और दशहरा को समाप्त होता है। इस दौरान राज्यभर में बड़े-बड़े पूजा पंडाल लगाए जाते हैं जहां देवी दुर्गा और उनके चार बच्चों की सुसज्जित मूर्तियों की समारोहों के बीच पूजा-अर्चना की जाती है।
पंडालों में भारी संख्या में भीड़ पहुंचती है। कोलकाता पुलिस के मुताबिक इस साल 3,000 से ज्यादा स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है।
राजधानी कोलकाता पूरी तरह से उत्सव के माहौल में डूबी हुई है और देशभर से सैकड़ों लोग इस सांस्कृतिक-धार्मिक समारोह का हिस्सा बनने के लिए यहां पहुंचे हैं। इस अवसर पर परिजन और दोस्त इकट्ठे होते हैं।
दुर्गा पूजा के सामुदायिक आयोजन के अलावा बड़ी संख्या में परिवार अपने-अपने घरों में देवी दुर्गा की पूजा करते हैं। कुछ परिवारों में तो पीढ़ियों से यह पूजा की जाती रही है।
यहां सजाई जाने वाली ज्यादातर मूर्तियां कुमारतुली के कारीगरों ने बनाई हैं।
देवी दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ 17 अक्टूबर को दुर्गा पूजा का समापन होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications