सोनिया से कैबिनेट विस्तार के बारे में चर्चा नहीं हुई : रोसैया
नई दिल्ली/हैदराबाद, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के.रोसैया ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ उनकी मुलाकात के दौरान कैबिनेट विस्तार के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई। इससे यह बात साफ हो गई है कि आंध्र प्रदेश मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार में और समय लग सकता है।
रोसैया दो दिनों की दिल्ली यात्रा पर थे। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि गांधी के साथ 30 मिनट की मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई। जबकि इधर इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि कैबिनेट का जल्द ही विस्तार किया जाएगा।
रोसैया ने कहा कि गांधी के साथ उनकी पार्टी मामलों को लेकर बातचीत हुई। इसके साथ ही उन्होंने लगातार चौथी बार पार्टी का अध्यक्ष बनने के लिए बधाई दी।
रोसैया इस सवाल को टाल गए कि आखिर कैबिनेट का विस्तार कब होगा।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष का चुनाव होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications