कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लगाया गया
हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली गिलानी ने पिछले चार महीनों से जारी 'कश्मीर छोड़ो आंदोलन' के तहत लोगों को विभिन्न भागों से हैदरपोरा इलाके की ओर मार्च करने की अपील की है।
श्रीनगर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर और घाटी के अन्य इलाकों में भी संभावित हिंसा को रोकने के लिए कर्फ्यू लगाया गया है।"
अधिकारी ने बताया कि मार्च को देखते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है। सुरक्षाबलों को निर्देश दिया गया है कि सेकेंड्री स्कूल की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों और कर्मचारियों को न रोका जाए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रों के प्रवेश पत्र और कमर्चारियों के कार्ड को ही कर्फ्यू के दौरान पास के तौर पर इस्तेमाल करने की इजाजत दी गई है।
शहर में सोमवार को दुकानें, औद्योगिक प्रतिष्ठान, शैक्षणिक संस्थान, बैंक, डाकघर बंद रहे। हिंसा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में फैली हिंसा में अब तक कुल 109 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications