औद्योगिक उत्पादन की दर अगस्त में 5.6 प्रतिशत रही
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश में औद्योगिक उत्पादन की दर अगस्त महीने में घटकर 5.6 प्रतिशत हो गई जबकि जुलाई में संशोधित आंकड़ों के मुताबिक यह दर 15.2 प्रतिशत दर्ज की गई थी। आधार प्रभाव के कारण पूंजीगत वस्तुओं के उत्पादन में काफी कमी दर्ज की गई।
केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक अगस्त महीने की औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) की दर पिछले साल के इसी महीने से कम रही है।
आईआईपी में शामिल कुल 17 उद्योगों में से 14 उद्योगों की उत्पादन दर में अगस्त में हल्की वृद्धि दर्ज की गई।
आईआईपी में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी वाले निर्माण क्षेत्र में अगस्त में 5.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जबकि पिछले साल के इसी महीने में इसमें 10.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी।
विद्युत उत्पादन क्षेत्र में भी पिछले साल की तुलना में वृद्धि दर में कमी आई है। इस क्षेत्र में उत्पादन वृद्धि दर अगस्त में केवल एक प्रतिशत दर्ज की गई जबकि पिछले साल के इसी महीने में यह दर 10.6 प्रतिशत थी।
खनन क्षेत्र की विकास दर पिछले साल के इसी महीने की 11 प्रतिशत विकास दर की तुलना में इस महीने 7 प्रतिशत रही।
पूंजीगत वस्तुओं का उत्पादन जुलाई में सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ा था, अगस्त में इसमें 2.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
विभिन्न क्षेत्रों के इंटरमीडिएट उत्पादों का उत्पादन 10 प्रतिशत और आधार उत्पादों का उत्पादन 3.7 प्रतिशत की दर से बढ़ा।
आईआईपी के कमजोर आंकड़ों के चलते बम्बई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 232 अंक गिरकर दोपहर के कारोबार में 20,107.25 के निचले स्तर तक पहुंच गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications