किसी भी समय गिर सकती है रमन सरकार : अजीत जोगी
रायपुर, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेता अजीत जोगी ने कहा है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं करेगी और वह किसी भी समय गिर सकती है। जोगी ने यह भी दावा किया कि भाजपा के कई बागी विधायक उनके संपर्क में है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और 64 वर्षीय जोगी ने कहा, "रमन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं करेगी। भाजपा से नाखुश कई विधायक हमारे संपर्क में हैं लेकिन हम भाजपा की सरकार को गिराने का काम नहीं करेंगे। वह अपनी कमजोरियों की वजह से गिरेगी।"
जोगी ने कहा, "राज्य में ऐसी ही परिस्थिति (भाजपा सरकार गिरने की) है और कभी भी, किसी भी समय सरकार गिर सकती है। मैं समय के बारे में कुछ नहीं कह सकता, लेकिन रमन सरकार कार्यकाल पूरा नहीं करेगी।"
राज्य में वर्ष 2008 में हुए विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा सरकार सत्ता पर काबिज होने में तो सफल रही थी लेकिन पार्टी के पास 90 सदस्यीय विधानसभा में केवल 48 विधायक हैं। विधानसभा में बहुमत के लिए 46 सदस्यों की आवश्यकता होती है। सदन में कांग्रेस के 39 सदस्य हैं जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो सदस्य हैं। एक सीट खाली है।
भाजपा के बागी विधायकों के साथ बातचीत के बारे में पूछे जाने पर साक्षात्कार के दौरान जोगी ने कहा, "मैं अधिकांश विधायकों के साथ संपर्क में हूं जो नाखुश हैं। हम बैठक कर रहे हैं। उन्होंने मेरे साथ एक वरिष्ठ नेता जैसा व्यवहार किया।"
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2001 में अजीत जोगी ने भाजपा के 12 विधायकों को तोड़ने में सफलता हासिल की थी। जोगी उस समय राज्य के मुख्यमंत्री थे। उनमे से कुछ विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह भी दी गई थी।
वर्ष 2003 में सत्ता से बाहर होने के बाद जोगी ने दोबारा इस तरह का प्रयास किया था लेकिन वह भाजपा विधायकों को रिश्वत देते हुए कैमरे में कैद कर लिए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications