मप्र के ग्रामीण इलाकों में सिर्फ 11 घंटे बिजली आपूर्ति
भोपाल, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में जारी बिजली कटौती के समय में एक घंटे की और बढोत्तरी कर दी गई है। अब ग्रामीण इलाकों को सिर्फ 11 घंटे ही बिजली मिल रही है।
प्रदेश के वातावरण में उच्च तापमान और रबी की फसल की बुआई के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। वहीं बिजली उत्पादन मांग से बहुत कम बना हुआ है। वर्तमान में मांग 6730 मेगावाट पर पहुंच गई है जबकि प्रदेश में केवल 5700 मेगावाट की ही आपूर्ति हो रही है। इस तरह मांग और उत्पादन में 1030 मेगावाट का अंतर है।
आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के चार ताप विद्युतगृहों की इकाइयां बंद चल रही हैं। इसी के चलते जल विद्युतगृहों में ज्यादा से ज्यादा उत्पादन किया जा रहा है। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं हो पा रही है। इसी के चलते कटौती के समय में लगभग एक घंटे का इजाफा कर दिया गया है।
बिजली आपूर्ति की नई व्यवस्था के मुताबिक संभागीय मुख्यालयों को पूर्ववत 23 घंटे बिजली मिलेगी। जिला मुख्यालयों को एक घंटे की अतिरिक्त कटौती के साथ 21 घंटे, तहसील मुख्यालय को 14 घंटे और ग्रामीण इलाकों को 11 घंटे बिजली दी जा रही है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक प्रदेश को केंद्रीय क्षेत्र से 2355 मेगावाट बिजली का आवंटन है मगर वर्तमान में 1825 मेगावाट बिजली ही मिल रही है। इसके अलावा विद्युत बैंकिंग के तहत अन्य राज्यों से 700 मेगावाट बिजली मिल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications