बुलंदशहर में बस नदी में गिरी, 14 की मौत (लीड-1)
जिले के पुलिस उपाधीक्षक जे. आर. जोशी ने आईएएनएस को बताया कि घटना डिबाई थाना क्षेत्र की है, जहां आज सुबह छोइयो नदी पर बने करीब 25 फुट ऊंचे पुल से बस अनियंत्रित होकर नदी में पलट गई।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। मरने वालों में सात बच्चे, चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
जोशी के मुताबिक राहत कार्य के दौरान नदी से जीवित निकाले गये 19 घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। ज्यादातर की हालत नाजुक बनी हुई है।
डिबाई थाना प्रभारी आर. के. सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन हमारा आकलन है कि 30 से ज्यादा लोग बस में मौजूद थे। सिंह ने कहा कि हादसे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक बस सवार लोग गाजियाबाद में मजदूरी करते थे और आज पंचायत चुनाव में वोट डालने के लिए अपने गृहनगर बदायूं जा रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications