बिहार चुनाव : राजद-लोजपा का वादा, सवर्णो को आरक्षण (राउंडअप)

राजद-लोजपा द्वारा जारी घोषणा पत्र में राज्य की तस्वीर बदलने का वादा करते हुए अल्पसंख्यकों, अति पिछड़ों के साथ-साथ सवर्णो को लुभाने के प्रयास भी किए गए हैं।

पटना में संयुक्त घोषणा पत्र जारी करते हुए राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि अगर राज्य में इस गठबंधन की सरकार बनेगी तो वह सक्षम और लोकप्रिय होगी।

घोषणा पत्र में कहा गया है कि राजद-लोजपा गठबंधन सरकार अल्पसंख्यकों के विकास, उनके सम्मान और सुरक्षा की गारंटी करेगी तथा रंगनाथ मिश्र की सिफारिशों को लागू कर सभी सरकारी एवं न्यायिक विभागों में अल्पसंख्यकों को आरक्षण दिया जाएगा। बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उर्दू को विकल्प बनाया जाएगा और अल्पसंख्यकों के लिए एक समिति बनाई जाएगी।

इसके अलावा सभी थानों में उर्दू जानकार की नियुक्ति करने का वादा भी राजद-लोजपा गठबंधन ने किया है। अवैध रूप से खुली शराब की दुकानों की जांच करवाने की बात भी कही गई है।

राज्य में दंगा विरोधी बल गठन करने का वादा किया गया है, जिसमें 25 प्रतिशत अल्पसंख्यकों की बहाली करने की बात कही गई है।

अति पिछड़ों के लिए प्रत्येक प्रमंडल में काश्तकारी के विकास के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोलने का वादा किया गया है। साथ ही केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य में एकलव्य पुरस्कार शुरू करने का वादा किया गया है।

राज्य में बिजली एवं पेयजल की उचित व्यवस्था करने, गरीब सवर्णो को आरक्षण देने, नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास तथा गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने का वादा भी किया गया है।

उधर, विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान होने वाले क्षेत्रों में चुनावी प्रचार तेज हो गया है। मधुबनी के झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र सहित सात स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने नीतीश सरकार को जम कर कोसा। उन्होंने नीतीश सरकार को घोटाले की सरकार बताते हुए इसे बेदखल करने की अपील की।

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सोमवार को सहरसा और मधेपुरा में बिहार के विकास के लिए और पांच वर्ष देने की अपील की तथा कहा कि उन्हें ज्यादा बोलना नहीं आता, काम करने आता है। काम पूरे राज्य में दिख रहा है।

पूर्णिया के कसबा में कांग्रेस नेता एवं फिल्म अभिनेता राजब्बर ने जहां मतदाताओं से कांग्रेस के लिए वोट मांगा, वहीं राजद ने 21 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी की।

सूची जारी करते हुए राजद महासचिव एवं सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि राजद समाज के सभी वर्गो को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश कर रहा है।

राजद ने बाढ़ से जद (यु) से हाल ही में राजद में आए विजय कृष्ण (चर्चित ट्रांसपोर्टर सत्येंद्र सिंह की हत्या के आरोपी) को टिकट दिया है, वहीं फुलवारी से उदय मांझी को तथा कुरथा से शिववचन यादव को प्रत्याशी बनाया है।

पार्टी के बिहार इकाई के प्रमुख प्रवक्ता प्रेमचंद्र मिश्र ने सोमवार को बताया कि पार्टी ने तीन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामजतन सिंह जहां जहानाबाद सीट से पार्टी के प्रत्याशी होंगे, वहीं अजीत कुमार सिंह महाराजगंज से और रंजीत राव बगहा से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

उन्होंने बताया कि पार्टी अब तक अपने 225 प्रत्याषियों के नामों की घोषणा कर चुकी है। ज्ञात हो कि दो दशक के बाद कांग्रेस राज्य के सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है।

इस बीच टिकट बंटवारे से नाराज कांग्रेसियों का विरोध अब भी जारी है। पटना स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में रोहतास जिला के नोखा विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक का पुतला जलाया एवं कार्यालय पर ताला जड़ा।

उल्लेखनीय है कि राज्य में 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच मतदान होगा। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+