बिहार चुनाव : राजद-लोजपा का साझा घोषणा पत्र जारी
पटना, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने सोमवार को साझा घोषणा पत्र जारी किया। घोषणा पत्र में राज्य की तस्वीर बदलने का वादा करते हुए अल्पसंख्यकों, अति पिछड़ों के साथ-साथ सवर्णो को लुभाने के प्रयास भी किए गए हैं।
पटना में संयुक्त रूप से घोषणा पत्र जारी करते हुए राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि अगर राज्य में इस गठबंधन की सरकार बनेगी तो वह पूरी तरह सक्षम और लोकप्रिय होगी।
घोषणा पत्र में कहा गया है कि राजद-लोजपा गठबंधन की सरकार अल्पसंख्यकों का विकास, उनका सम्मान और उनकी सुरक्षा की गारंटी करेगी तथा रंगनाथ मिश्र की सिफारिशों को लागू कर सभी सरकारी एवं न्यायिक विभागों में अल्पसंख्यकों को आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उर्दू को विकल्प बनाने का वादा किया गया है। इसके अलावा अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए एक समिति बनाने का वादा भी किया गया है।
राजद-लोजपा गठबंधन ने सभी थानों में उर्दू जानकार की नियुक्ति करने का वादा किया है। साथ ही राज्य में अवैध रूप से खुली शराब की दुकानों की जांच करवाने की बात कही गई है।
राज्य में दंगा विरोधी बल गठन करने का वादा किया गया है, जिसमें 25 प्रतिशत अल्पसंख्यकों की बहाली करने की बात कही गई है।
अति पिछड़ों के लिए प्रत्येक प्रमंडल में काश्तकारी के विकास के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोलने का वादा किया गया है तथा खेलकूद को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार की तरह राज्य में एकलव्य पुरस्कार शुरू करने का वादा किया गया है।
राज्य में बिजली एवं पेयजल की उचित व्यवस्था करने के अलावा गरीब सवर्णो के लिए आरक्षण का वादा भी घोषणा पत्र में है। साथ ही वादा किया गया है कि नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाएगा और गरीब बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications