मप्र के अस्पतालों में कंप्यूटर में दर्ज होगा दवाओं का ब्योरा
भोपाल, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता से लेकर भंडारण और वितरण का ब्योरा अब कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा। इससे दवा वितरण व्यवस्था की निगरानी आसान हो जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चिकित्सालयों में दवा एवं अन्य सामग्री की खरीद में ईमानदारी और पारदर्शिता लाने के लिए प्रबंधों की सतत निगरानी की जानी चाहिए। साथ ही प्राथमिक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर जिला अस्पतालों तक में चिकित्सा एवं दवा की सुविधा मरीजों को एक ही स्थान पर मिले, इसके लिए आवश्यक कदम उठाया जाना चाहिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालयों के आयुष विभाग में चिकित्सकों की भर्ती पर सहमति दे दी। चौहान ने आयुष चिकित्सा शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किया जाए।
बैठक में बताया गया कि आयुष सेवाओं को ग्रामीण इलाकों में विस्तारित करने के लिए ग्राम शिविरों के आयोजन का सिलसिला पिछले वर्ष शुरू हुआ था जो अब भी जारी है। वर्ष 2009 में 11126 ग्रामीण शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 15 लाख मरीजों को आयुष सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications