बिहार में नाव दुर्घटना, मृतकों की संख्या 35 हुई
पटना, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के बक्सर जिले के बरहमपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम गंगा की एक सहायक नदी (भांगड़ नदी) में हुई नौका दुर्घटना में मृतकों की संख्या 35 हो गई है। शवों का तलाशने का काम अभी जारी है।
बक्सर के जिलाधिकारी अजय कुमार यादव ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि रविवार को देर रात तक 32 लोगों के शव निकाले गये थे। उन्होंने कहा कि सोमवार की सुबह से राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) की मदद से पुन: शवों को खोजने का कार्य प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने कहा कि सोमवार को तीन शव निकाले गए हैं। यादव के मुताबिक मृतकों में 24 महिलाओं के शामिल होने की सूचना मिली है। रविवार की देर शाम कुछ लोग प्रतिदिन की भांति दियारा क्षेत्र से काम कर नाव पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे कि बीच नदी में नाव पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस नाव में 80 से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें महिला और बच्चों की संख्या अधिक थी। मृतकों में दल्लीपुर और मानिकपुरर समेत आसपास के कई गांवों के लोग शामिल बताये जा रहे हैं।
इधर, रविवार को ही आपदा प्रबंधन विभाग ने मृतक के परिजनों को एक-एक लाख रुपए मुआवजा देने तथा सरकार ने घटना की मजिस्ट्रेट द्वारा जांच करवाने का आदेश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications