बुलंदशहर में बस नदी में गिरी, 19 मरे (राउंडअप)
यह घटना डिबाई थाना क्षेत्र में सुबह उस वक्त हुई, जब छोइयो नदी पर बने करीब 25 फुट ऊंचे पुल से बस अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। स्थानीय लोगों और राहत एवं बचाव कार्य बल के दस्ते ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक जे.आर. जोशी ने आईएएनएस को बताया कि हादसे में बस चालक सहित 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ने उपचार के दौरान शाम तक दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतकों में 11 बच्चे, चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। मृत बच्चों की उम्र एक माह से 15 वर्ष के बीच थी।
जोशी ने बताया कि 14 घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। अभी भी ज्यादातर लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। दो को मेरठ मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा जा रहा है।
डिबाई के थाना प्रभारी आर.के. सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पुल से गुजर रही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में जा गिरी। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सिंह के मुताबिक बस पर सवार लोग गाजियाबाद में मजदूरी करते थे और सोमवार को पंचायत चुनाव के लिए मतदान करने अपने गृहनगर बदायूं जा रहे थे। सभी मतृक और घायल बदायूं के जरीफनगर इलाके के रहने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज एजेंसी।


Click it and Unblock the Notifications