कर्नाटक के राज्यपाल को हटाया जाए : भाजपा
भाजपा महासचिव रविशंकर प्रसाद ने नई दिल्ली में कहा, "राज्यपाल को वापस बुलाया जाना चाहिए। उन्होंने बेंगलुरू राजभवन को कांग्रेस का कार्यालय बना दिया है।"
भाजपा की मांग ऐसे समय में आई है, जब इस तरह की खबर आई है कि राज्यपाल ने कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की अनुशंसा के साथ केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट भेज दी है।
ज्ञात हो कि सोमवार सुबह बी.एस.येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली सरकार ने विवादास्पद परिस्थति के बीच ध्वनिमत से विश्वास मत जीत लिया। मतदान के ठीक पहले विधानसभा अध्यक्ष के.जी.बोपैया ने 16 विधायकों (11 भाजपा और पांच निर्दलीय) को अयोग्य घोषित कर दिया। विद्रोही विधायकों ने आरोप लगाया कि उन्हें सदन में प्रवेश करने से रोका गया।
भाजपा उपाध्यक्ष के.वेंकैया नायडू ने बेंगलुरू में भाजपा सरकार द्वारा विश्वास मत जीतने को जनता की जीत बताया।
राज्य में राष्ट्रपति शासन के लिए राज्यपाल की अनुशंसा के संबंध में नायडू ने कहा, "जो वह चाहते हैं, उन्हें करने दीजिए।" नायडू ने कहा कि पार्टी स्थिति पर नजर रखेगी और भावी कार्य योजना तय करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications