आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक हनोई में शुरू
आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में आसियान देशों के 10 सदस्यों के साथ चीन, अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया, रूस, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी शामिल हो रहे हैं।
बैठक की मेजबानी करने वाले देश वियतनाम ने कहा कि बैठक साझा हितों पर केंद्रित होगी। लेकिन पर्यवेक्षक बैठक को समुद्री क्षेत्रीय विवाद को लेकर अमेरिका, चीन, जापान और वियतनाम के संबंधों में हाल ही में आए तनाव से उबरने के संकेत के रूप में देख रहे हैं।
आसियान के महासचिव सूरीन पित्सुवान ने दक्षिणी चीन के समुद्री क्षेत्र में विवाद को निपटाने के लिए बातचीत को महत्वपूर्ण बताया है। समुद्री क्षेत्र में वियतनाम, मलेशिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया, ब्रुनेई और ताइवान द्वारा अपना दावा किए जाने के बाद बीजिंग ने भी अपना दावा पेश किया है।
पित्सुवान ने बताया, "आसियान को विश्व के समक्ष यह जाहिर करना होगा कि वह अपनी चुनौतियों को संभाल सकता है।"
सोमवार को कई देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। अमेरिकी रक्षा सचिव राबर्ट गेट्स जापान, वियतनाम और चीन के अपने समकक्ष से मुलाकात करने वाले थे। जबकि चीन के रक्षा मंत्री लियांग ग्वांगली अमेरिकी रक्षा सचिव गेट्स और वियतनाम के अपने समकक्ष से मिलने वाले थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications