ब्रिटिश घरों में 3 से 5 टेलीविजन सेट्स
ब्रिटेन के ज्यादातर घरों के प्रत्येक शयनकक्ष और रसोई घर में टेलीविजन रखने का प्रचलन सा हो गया है। लोग लोकप्रिय कार्यक्रमों को परिवार के साथ ही देखते हैं लेकिन अन्य विकल्पों के लिए दूसरे कमरों में भी टेलीविजन सेट्स रखते हैं। हाल के वर्षो में फ्लैट, हाई डेफिनेशन और थ्री डी टेलीविजनों की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक ब्रिटेन में टेलीविजन को एनालॉग से डिजिटल तकनीक में बदला जा रहा है। यह प्रक्रिया वर्ष 2012 तक पूरी कर ली जाएगी। तकनीकी बदलाव भी टेलीविजन की बिक्री में एक बड़ा कारण बना है।
टेलीविजन पर दिखाए जाने वाले 'स्ट्रीक्टली कम डांसिंग', 'द एक्स फैक्टर' और 'डॉक्टर हू' जैसे कार्यक्रमों को एक करोड़ से अधिक लोग नियमित रूप से देख रहे हैं। इससे पता चलता है कि परिवार अब भी बड़े कार्यक्रमों को साथ में देखना पसंद कर रहे हैं।
कुछ उपभोक्ता डिजीटल चैनल्स पर कुछ अन्य कार्यक्रमों को देखने के लिए विकल्प रखना चाहते हैं जबकि कुछ दर्शक टेलीविजन का उपयोग वीडियो गेम्स के लिए कर रहे हैं।
ब्रिटेन के चेशंट में टेलीविजन की बिक्री करने वाली टेस्को कंपनी द्वारा कराए गए शोध में बताया गया है कि लोग फ्लैट स्क्रीन वाले टेलीविजन को अब अपने रसोई घर में रखने लगे हैं।
टेस्को के वाणिज्य प्रबंधक मैट फिंच ने बताया, "कई घरों के बैठक वाले कमरे में फ्लैटस्क्रीन टेलीविजन पहले से ही मौजूद हैं। अब लोग छोटे टेलीविजन को अपने अन्य कमरों में लगा रहे हैं।"अब 92.7 प्रतिशत घरों में डिजीटल टेलीविजन हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications