इलाहाबाद में निराले अंदाज में मना अमिताभ का जन्मदिन
कलाकार आर. के. चितेरा ने इलाहबाद में गंगा के किनारे अमिताभ की रेत की कलाकृतियां उकेरीं। इनमें से एक कलाकृति 11 फुट ऊंची है जबिक अन्य 68 कलाकृतियां दो-दो फुट ऊंची हैं।
चितेरा ने संवाददाताओं से कहा कि वह बिग बी के बहुत बड़े प्रसंशक हैं और उन्होंने उनकी सारी फिल्में देखी हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका अमिताभ केप्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।
चितेरा के मुताबिक अमिताभ के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाने के लिए पूरे इलाहाबादवासियों की तरफ से उन्होंने रेत की ये कलाकृतियां बनाई हैं। उनका विश्वास है कि मीडिया के जरिए अमिताभ को इस बात का जरूर पता चलेगा कि उनके गृहनगर में उनके जन्मदिन को बहुत ही अनूठे ढंग से मनाया गया।
रेत की इन कलाकृतियों को बनाने में चितेरा को छह घंटे का समय लगा। चितेरा कहते हैं कि सभी कलाकृतियां अमिताभ को खुशमिजाज दिखा रही हैं। हर कलाकृति में वह मुस्करा रहे हैं।
चितेरा द्वारा सुबह सात बजे से इन कलाकृतियों को बनाने की शुरुआत करने के साथ ही वहां लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। बाद में वहां बड़ी संख्या में जुटे अमिताभ के प्रशंसकों ने उनके दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र पवन कुमार कहते हैं कि उन्हें लगता है कि चितेरा ने अमिताभ के जन्मदिन को खास बनाकर उन्हें इलाहाबाद आने का न्यौता दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications