एशियाई परमाणु सम्मेलन सोमवार से
चेन्नई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियाई परमाणु संभावनाओं (एएनयूपी 2010) पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 11 अक्टूबर यानी सोमवार से यहां शुरू होने जा रहा है। इस सम्मेलन में भारतीय परमाणु ऊर्जा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी वैश्विक अधिकारियों के साथ परमाणु बिजली की संभावनाओं और सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
देश के प्रमुख वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान, इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र (आईजीसीएआर) इस सम्मेलन को महाबलीपुरम में आयोजित कर रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण करेंगे।
सम्मेलन के संयोजक पी.आर.वासुदेव राव ने आईएएनएस को बताया, "दुनिया में परमाणु बिजली की वृद्धि एशिया में होगी। लेकिन इस मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए एशियाई देशों के पास कोई मंच नहीं है और एएनयूपी को इसी उद्देश्य के लिए खड़ा किया गया है।"
फ्रांस, जापान, चीन, अमेरिका, जर्मनी, रूस, दक्षिण कोरिया, स्वीडन, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ ही भारत से आमंत्रित 60 वक्ताओं सहित सम्मेलन में लगभग 300 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications