तृणमूल नक्सलियों की मददगार : बुद्धदेव
नादिया (पश्चिम बंगाल), 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने शनिवार को राज्य के नक्सल प्रभावित इलाकों से संयुक्त बलों को वापस बुलाने की तृणमूल कांग्रेस की मांग की आलोचना करते हुए कहा कि वह चरम वामपंथी विद्रोहियों की मदद कर रही है।
राज्य के नादिया जिले के कृष्णानगर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की रैली को संबोधित करते हुए भट्टाचार्य ने कहा, "हम नक्सलियों को परास्त कर देंगे। 1970 के दौरान भी हमने ऐसा किया था। पश्चिम मिदनापुर के लोग अब नक्सलियों के विरुद्ध खड़े हो चुके हैं। नक्सलियों को परास्त करने में हालांकि थोड़ा समय लगेगा, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस उनकी मदद कर रही है।"
उन्होंने कहा, "तृणमूल कांग्रेस नक्सल प्रभावित इलाकों से संयुक्त बलों को वापस बुलाने की मांग कर रही है। पार्टी का नक्सलियों के साथ सहानुभूति है।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में नक्सलियों का विद्रोह 1970 में नक्सलबाड़ी आंदोलन के रूप में शुरू हुआ था, जिसे दबा दिया गया। लेकिन बाद में नक्सली फिर से सिर उठाने लगे और अन्य राज्यों में भी फैल गए।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications