नक्सलियों ने विधायक को रिहा किया (लीड-1)
पटना, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से शनिवार की शाम संदिग्ध नक्सलियों द्वारा अगवा किए गए रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी मोहम्मद नेहालुद्दीन को नक्सलियों ने कुछ घंटे बाद रिहा कर दिया।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया, "नक्सलियों ने कुछ घंटे के बाद ही विधायक को रिहा कर दिया। विधायक के सातों समर्थकों को भी छोड़ दिया गया है।"
उन्होंने बताया कि विधायक के तीन वाहनों को नक्सलियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। नीलमणि के मुताबिक पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और पुलिस छापामारी अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार विधायक शनिवार को लालटेनगंज गांव में जनसंपर्क के लिए गए थे, उसी समय नक्सलियों ने उन्हें अगवा कर लिया और एक पहाड़ की ओर ले गए। उन्होंने उनके वाहन में आग भी लगा दी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार विधायक के साथ कम से कम सात समर्थक भी थे। नक्सली उन्हें भी अपने साथ लेते गए।
नीलमणि ने बताया था कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक को टीम के साथ घटनास्थल पर भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि मदनपुर क्षेत्र झारखण्ड के पलामू जिले का सीमावर्ती क्षेत्र है जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications