कुशीनगर में इंसेफेलाइटिस से 3 दिन में 3 की मौत
कुशीनगर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में इंसेफेलाइटिस से तीन दिनों के भीतर तीन बच्चों की मौत हो गई।
जनपद के फाजिल नगर के अमवां दूबे में असर्फी गुप्ता की छह वर्षीय बेटी प्रिंसी ने शुक्रवार की देर शाम गोरखपुर स्थित मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह इंसेफेलाइटिस हो जाने से एक हफ्ते से बीमार थी। वहीं मोतीचक ब्लॉक के बनकटा निवासी महेश का पांच वर्षीय बेटा नितिन की भी इंसेफेलाइटिस के कारण शनिवार की सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इसी तरह रामकोला स्थित कुसुम्हां के टोला भगवानपुर निवासी राम विलास यादव के डेढ़ वर्षीय बेटे मयंक ने शनिवार रात गोरखपुर स्थित मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रामकोला के क्षेत्रीय विधायक अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाके में इंसेफेलाइटिस का कहर जारी है। कुसम्हां के कई टोलों में इस रोग से अब तक करीब सात बच्चों की जान जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने इस रोग की रोकथाम के लिए अगर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया तो भारतीय जनता पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
उधर, मुख्य जिला चिकित्साधिकारी ए.एन. तिवारी ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए समुचित कदम उठाए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications