चुनाव से पहले 11,000 कैदियों को रिहा करेगा म्यांमार
समाचार पत्र 'म्यांमार टाइम्स' के अनुसार सुधार विभाग तीन हजार से अधिक कैदियों की सजा कम करने पर विचार कर रहा है, जबकि चुनाव से पहले 8,000 कैदियों को अपनी सजा पूरी कर लेने की उम्मीद है।
अपना नाम सार्वजनिक न करते हुए विभाग के एक अधिकारी ने समाचार पत्र को बताया, "रिहा होने वाले कैदी सात नवंबर को होने वाले चुनाव में मतदान कर सकेंगे। उनके मतदान के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग का निर्देश है।"
विभाग ने हालांकि, रिहा होने वाले कैदियों के नामों को सार्वजनिक नहीं किया है। नामों का खुलासा न होने से म्यांमार की जेलों में बंद राजनीतिक दलों के 3,200 कैदियों की रिहाई पर संशय बरकरार है।
म्यांमार में 20 वर्षो में पहली बार आम चुनाव होंगे। लेकिन मुख्य विपक्षी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है।
एनएलडी की नेता आंग सान सू की को उनके घर में 18 महीनों से नजरबंद किया गया है। उनकी यह सजा 13 नवंबर को समाप्त होगी।
उल्लेखनीय है कि एनएलडी ने वर्ष 1990 के चुनाव को भारी बहुमत से जीता था, लेकिन म्यांमार का सैन्य शासन जो यहां वर्ष 1962 से शासन कर रहा है, उसने एनएलडी को सत्ता में आने से रोक दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications