नेपाल की पूर्व राजकुमारी ने बढ़ाए समाज सेवा की ओर कदम
काठमांडू, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। धर्मनिरपेक्ष गणराज्य घोषित होने के दो वर्ष बाद नेपाल की पूर्व राजकुमारी ने अब समाज सेवा की ओर रुख किया है। इन्होंने शुक्रवार को एक धर्मार्थ ट्रस्ट की शुरुआत कर समाज सेवा के प्रति संकल्प लिया है।
नेपाल के अंतिम नरेश रहे ज्ञानेंद्र बीर बिक्रम शाह ने शुक्रवार को संस्था 'हिमानी ट्रस्ट' का उद्घाटन किया। इस ट्रस्ट को पूर्व राजकुमारी हिमानी राज्य लक्ष्मी ने छह महिलाओं के सहयोग से शुरू किया है, जिसमें उनकी बेटी और तीन भतीजियां शामिल हैं।
संस्था को पिछले हफ्ते हिमानी के 35 वें जन्मदिन के मौके पर जिल प्रशासन में पंजीकृत किया गया था। हिमानी भारतीय राज्य राजस्थान के सीकर रिसायत से संबंध रखती हैं। उन्होंने 25 जनवरी 2000 को नेपाल के राजकुमार पारस से शादी की थी।
तीन बच्चों की मां हिमानी शाही परिवार में एक गैर विवादास्पद और लोकप्रिय सदस्य मानी जाती हैं। राजशाही की समाप्ति के बाद हिमानी ने खुद को बदलने की काफी कोशिश की है। साथ ही वह राजशाही से हटकर एक आम महिला के रूप में कई सामाजिक क्षेत्रों में बढ़-चढ़ कर भाग लेती रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications