राष्ट्रमंडल खेल के विजेता छात्रों को मुफ्त शिक्षा : सिब्बल
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को घोषणा की कि राष्ट्रमंडल खेल 2010 में पदक विजेता छात्रों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी।
सिब्बल ने कहा कि सभी श्रेणियों के छात्रों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के लिए राष्ट्रमंडल खेल 2010 में पदक विजेता सभी छात्रों की पढ़ाई के लिए उनकी शिक्षा की पूरी अवधि का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि व्यावसायिक महाविद्यालयों में पढ़ाई करने वाले ऐसे छात्रों सहित कालेज जाने वाले छात्रों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे ऐसे छात्रों की पढ़ाई का खर्च केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा उठाया जाएगा, चाहे वे स्कूल सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हो अथवा नहीं।
उन्होंने कहा कि यह सहायता तब तक जारी रहेगी, जब तक कि पदक विजेता छात्र अपने अध्ययन को जारी रखना चाहेंगे। इसमें ट्यूशन शुल्क के साथ ही रखरखाव व्यय (छात्रावास शुल्क) भी शामिल होंगे। सीबीएसई और यूजीसी, दोनों जल्द ही इस संबंध में सही प्रारूप तैयार करेंगे।
सिब्बल ने यूजीसी और सीबीएसई को यह भी सलाह दी है कि वे देश के शैक्षिक संस्थाओं में खेल सुविधाएं बढ़ाने और छात्रों के बीच प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज कर उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए उपयुक्त योजना तैयार करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications