छत्तीसगढ़ मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर (लीड-1)
रायपुर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में शनिवार को नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में कम से कम आठ नक्सली मारे गए जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उड़ीसा से सटी राज्य की सीमा के नजदीक महासमुंद जिले में राज्य पुलिस बल के एक बड़े दल के नक्सलियों को घेर लेने के बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई। इस जिले में नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई यह पहली मुठभेड़ थी। अब तक यह जिला नक्सलियों से अछूता था।
पुलिस महानिदेशक विश्व रंजन ने आईएएनएस को बताया, "यह एक बड़ी उपलब्धि है। नक्सली महासमुंद जिले में पैठ बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हमें वहां से हथियार भी मिले हैं।"
नक्सलियों ने शुक्रवार को राजनंदगांव में बारूदी विस्फोट कर भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के तीन जवानों की हत्या कर दी थी।
उल्लेखनीय है कि राज्य के कुल 18 जिलों में से 13 जिलों में नक्सलियों की उपस्थिति है और सात जिलों में वे विशेष रूप से प्रभावी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications