शिव सेना ने राहुल, उमर पर साधा निशाना
पार्टी के मुखपत्र 'सामना' में शिव सेना ने कहा कि हाल ही में दोनों युवा नेताओं ने जिस तरह के बयान दिए हैं, उन्हें देखते हुए वे राष्ट्र की एकता के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि दोनों नेताओं को सरकारी खर्च पर शासकीय मनोरोग चिकित्सालयों में जांच कराने की आवश्यकता है।
संपादकीय में राहुल गांधी से शुरुआत की गई है। इसमें कहा गया है कि राहुल ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है और उन्हें तुरंत उनकी मातृ भूमि (इटली) भेज देना चाहिए। पार्टी की सलाह है कि राहुल को अपनी खराब सोच और प्रतिबंधित 'स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया' (सिमी) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) में कोई खास फर्क न होने की बात कहने के लिए अपने दिमाग की जांच करानी चाहिए।
संपादकीय में कहा गया है कि सिमी पर उसके आतंकवाद और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के लिए प्रतिबंध लगाया गया था। मुम्बई सहित देश में कई स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में इस संगठन का नाम सामने आया है।
पार्टी का कहना है कि राहुल अपनी टिप्पणियों के जरिए मुस्लिम वोट बैंक को खुश करना चाहते हैं।
संपादकीय में जम्मू एवं कश्मीर पर दिए गए उमर अब्दुल्ला के बयान को बचकाना बताया गया है। उमर ने अपने बयान में कहा था कि जम्मू एवं कश्मीर को भारत में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है और कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए भारत और पाकिस्तान को चर्चा करनी चाहिए।
शिव सेना का कहना है कि उमर का बयान राष्ट्र-विरोधी है और उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा देना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications