नक्सली-पुलिस मुठभेड़ में स्कूली बच्चों की मौत

विनीत खरे
बीबीसी संवाददाता, मुंबई
विस्फोट में घायल 10 बच्चों में से पांच की हालत गंभीर है.
छत्तीसगढ़ की सीमा के पास नक्सलियों और आईटीबीपी की मुठभेड़ के दौरान फ़ायर किया गया एक विस्फोटक एक स्कूल के बाहर गिरा जिसमें दो बच्चों समेत चार लोग मारे गए हैं.
ये घटना महाराष्ट्र के गढ़चिरौली ज़िले के सवर्घा गांव के आश्रमशाला स्कूल में हुई जो छत्तीसगढ़ की सीमा के पास है.
शुक्रवार की सुबह ही नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव ज़िले में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की टुकड़ी पर हमला किया जिसमें आईटीबीपी के तीन जवान मारे गए और एक घायल हो गया.
स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक वी सी चापले ने बताया कि आईटीबीपी ने इसके बाद नक्सलियों पर धावा बोला जिसमें संभवत: ग्रेनेड दागा गया जो बच्चों के स्कूल के बाहर आकर गिरा.
आईटीबीपी ने इस बात से इंकार किया है कि ग्रेनेड उनके जवानों ने दागा.
आईटीबीपी के प्रवक्ता दीपक पांडेय का कहना था, "अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ग्रेनेड या दूसरा विस्फोटक जो स्कूल के बाहर गिरा वो किसने चलाया. मामले की पूरी जांच हो रही है और आईटीबीपी ने पूरे इलाके को घेरे में ले लिया है और मुठभेड़ अभी भी जारी है."
पुलिस उपाधीक्षक चापले का कहना था, “ विस्फोट में दो बच्चे मारे गए जिनकी उम्र पांच से सात साल के बीच है.”
उनका कहना था कि स्कूल के बरामदे पर काम कर रही एक महिला और स्कूल का एक केयरटेकर भी इसमें मारा गया.
पुलिस ने बताया कि इसमें 10 बच्चे घायल हुए हैं जिनमें से पांच की हालत गंभीर है और उन्हें गढ़चिरौली के सरकारी अस्पताल में दाखिल किया गया है.
ये इलाका काफ़ी दूरदराज़ का है और इसलिए इस घटना की ख़बर आते आते शाम हो गई. इलाक़े के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं.


Click it and Unblock the Notifications