राष्ट्रमंडल खेल : राहुल गांधी ने मुक्के बाजी प्रतिस्पर्धा देखी
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने शुक्रवार को तालकटोरा स्टेडियम जाकर वहां चल रही मुक्के बाजी की प्रतिस्पर्धाओं का लुत्फ उठाया। वहां भारत के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता विजेंद्र सिंह राष्ट्रमंडल खेलों के तहत अपना प्रदर्शन कर रहे थे।
ज्ञात हो कि राहुल गांधी ने भी मुक्के बाजी का प्रशिक्षण लिया है।
अपने बहनोई रॉबर्ट वड्रा के साथ गांधी अपराह्न् लगभग 6.30 बजे स्टेडियम पहुंचे और अग्रिम पंक्ति में बैठे।
स्टेडियम के अधिकारियों के मुताबिक गांधी और वड्रा ने प्रतिस्पर्धा देखने के लिए बाकायदा टिकट खरीदा और फिर स्टेडियम के अंदर गए।
विजेंद्र ने खचाखच भरे स्टेडियम में प्रवेश करने के साथ ही हाथ हिलाकर राहुल गांधी का अभिवादन किया।
गांधी ने केन्या के ओम्बाका डिक के खिलाफ नौ मिनट लंबे मैच के दौरान विजेंद्र की हौसला अफजाई की। विजेंद्र ने आसानी से यह प्रतिस्पर्धा जीत ली।
राहुल गांधी लगभग एक घंटे तक स्टेडियम में रहे। गांधी ने पूर्व राष्ट्रीय कोच ओ.पी.भारद्वाज से मुक्के बाजी का प्रशिक्षण लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications