शिवपुरी में सामुदायिक रेडियो स्टेशन से प्रसारण शुरू
शिवपुरी, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार को सामुदायिक रेडियो स्टेशन 'धड़कन' से प्रसारण शुरू हो गया।
जिलाधिकारी राजकुमार पाठक ने बटन दबाकर रेडियो स्टेशन से प्रसारण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह रेडियो स्टेशन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों में जागृति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यूनीसेफ की मदद से स्वयंसेवी संगठन 'संभव' द्वारा शुरू किए गए इस सामुदायिक रेडियो स्टेशन से होने वाले प्रसारण को लगभग एक लाख लोग सुन सकेंगे।
यूनीसेफ की मध्य प्रदेश प्रमुख डॉ. तान्या गोल्डनर ने कहा कि यह रेडियो स्टेशन लोगों को आपस में जोड़ने, शिक्षित करने के साथ मनोरंजन का माध्यम बनेगा। यह समुदाय के द्वारा समुदाय के लिए चलाया जाएगा, जिसमें हर किसी की भागीदारी आवश्यक है।
गोल्डनर ने उम्मीद जताई कि यह रेडियो बाल विवाह, लिंगभेद और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागृति लाने के साथ ज्ञान और संस्कृति के विस्तार में अहम भूमिका निभाएगा।
यूनीसेफ के संचार कार्यक्रम की विशेषज्ञ सुप्रिया मुखर्जी ने बताया कि यूनीसेफ ने मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और झारखण्ड में सामुदायिक रेडियो स्टेशन शुरू करने में मदद की है।
धड़कन रेडियो का प्रसारण लगभग 15 किलोमीटर की परिधि में सुना जा सकेगा। इस रेडियो स्टेशन से सुबह सात से आठ, दोपहर एक से दो और रात सात से आठ बजे तक कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications