कांग्रेस अपने विधायकों को ले गई लोनावाला
कांग्रेस विधायकों का 73 सदस्यीय समूह कुछ कार्यकर्ताओं के साथ जेट एयरवेज विमान से दोपहर बाद लगभग दो बजे बेंगलुरू से पुणे पहुंचा।
हवाई अड्डे से वे लगभग 20 किलो मीटर दूर सीधे आम्बी वैली पहुंचे। लोनावला पहाड़ी क्षेत्र के बाहरी इलाके में सहारा ग्रुप ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह निजी शहर बनाया है।
ताजा हालात की जानकारी देते हुए कर्नाटक कांग्रेस के महासचिव एम. रामचंद्रप्पा ने कहा कि सभी विधायक 'सुरक्षित एवं ठीक-ठाक' हैं।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, "यहां रविवार रात तक ठहरने की हमारी योजना है और संभावना है कि अगले सोमवार को कर्नाटक विधानसभा में सरकार के विश्वास मत हासिल करने की प्रकिया के दौरान वहां उपस्थित हो जाएंगे।"
एक आधिकारिक सूत्र के मुताबिक विधायकों में से एक यहां पहुंचते ही बीमार हो गए। आम्बी वैली के चिकित्साकर्मी उनके उपचार में लगे हुए हैं।
कांग्रेस की कर्नाटक इकाई प्रमुख माणिराव ठाकरे ने हालांकि ताजा स्थिति की जानकारी होने से इंकार किया।
उधर, कर्नाटक की भाजपा सरकार अपने 19 विधायकों के समर्थन वापस ले लेने से संकट में है। पार्टी के 14 बागी विधायक गोवा में डेरा डाले हुए हैं। कयास लगाया जा रहा है कि वे रविवार की शाम तक वे वहीं बने रहेंगे और उसके बाद बेंगलुरू लौटेंगे।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक सरकार अल्पमत में आ गई है। उसे 12 अक्टूबर तक सदन में बहुमत साबित करने को कहा गया है। वहीं मुख्यमंत्री येदियुरप्पा का कहना है कि वह यह कार्य एक दिन पहले ही कर दिखाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications