'पाकिस्तान-अमेरिका तनाव जल्द खत्म नहीं होगा'
इस्लामाबाद, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। नाटो सेना के हेलीकॉप्टर से किए गए हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत के बाद पाकिस्तान और अमेरिका के बीच पैदा हुआ तनाव जल्द खत्म नहीं होगा।
पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्र डॉन ने अपने संपादकीय में यह बात कही।
डॉन ने कहा कि पाकिस्तान ने नाटो सेनाओं को युद्ध सामग्री पहुंचाने वाले एक प्रमुख रास्ते को बंद कर दिया है। अफगानिस्तान जाने वाले नाटो के वाहनों के काफिलों को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है और तोरखम सीमा पर आवागमन बंद है।
"तनाव में लगातार वृद्धि हो रही है। यह तनाव जल्द खत्म नहीं होगा।"
पिछले सप्ताह नाटो सेना के एक हेलीकॉप्टर से पाकिस्तान की सीमा के अंदर एक सैन्य चौकी पर किए गए हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई थी।
गठबंधन सेनाओं ने हालांकि हमले से इंकार किया है और पाकिस्तानी सैनिकों की मौत पर दुख प्रकट किया है।
संपादकीय में कहा गया कि उत्तरी वजीरिस्तान में आतंकवादियों की पनाहगाह खत्म करने में पाकिस्तान के धीमे प्रयासों के चलते अमेरिका की निराशा काफी बढ़ गई है।
समाचार पत्र ने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी में स्पष्ट नजरिया अपनाने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications