बारूदी सुरंग विस्फोट में 3 जवानों की मौत
यह हमला राजधानी रायपुर से 200 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र सीमा से लगे राजनांदगांव जिला स्थित मानपुर क्षेत्र के कोहका गांव में हुआ।
राजनांदगांव जिले के पुलिस अधीक्षक बद्री नारायण मीणा ने आईएएनएस को बताया, "यह बारूदी सुरंग से किया गया हमला था। आईटीबीपी के सुरक्षाकर्मी जीप से गश्ती पर निकले थे।"
नक्सलियों का विस्फोट इतना तीव्र था कि सुरक्षाकर्मियों का वाहन हवा में काफी ऊपर उछल गया था। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि हमले में एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल की मौत हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
नक्सलियों ने यह हमला उस समय किया है, जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नव नियुक्त महानिदेशक के. विजय कुमार राज्य में अपने पहले दौरे पर पहुंचे हैं। यह इलाका नक्सलियों से बुरी तरह प्रभावित है। महानिदेशक यहां सुरक्षा का जायजा लेने आए हैं।
घटना के बाद महानिदेशक ने राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह से मिलकर नक्सली समस्या पर बातचीत की।
उल्लेखनीय है कि राज्य के 18 जिलों में से 13 जिले में नक्सलियों की मजबूत उपस्थिति है, जबकि सात जिलों में उनका दबदबा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications