राष्ट्रमंडल खेल : 'कलमाडी ने युगांडा अधिकारियों से माफी मांगी'
आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भनोट ने एक प्रेस सम्मेलन में संवाददाताओं से कहा कि कलमाडी ने उच्चायुक्त को एक पत्र भेजा है और जो कुछ भी हुआ उसके लिए माफी मांगी है।
इस बीच युगांडा की उच्चायुक्त निमिशा माधवानी ने आयोजन समिति के उनसे माफी मांगने की बात से इंकार किया है।
माधवानी ने आईएएनएस से कहा, "खेल मंत्री चार्ल्स बक्काबुलिंदी या मुझे कलमाडी की ओर से कोई संदेश या माफी पत्र नहीं मिला है।"
गौरतलब है कि खेलगांव में लगा एक सुरक्षा उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहा था। जब युगांडा के तीनों अधिकारियों को लेकर उनकी कार वहां पहुंची तो यह उपकरण उनके ठीक ऊपर था। घटना में तीनों अधिकारी घायल हो गए थे जबकि एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद गुरुवार को युगांडा के खेल मंत्री ने भारत की ओर से माफी मांगे जाने की मांग की थी।
बाद में राष्ट्रमंडल खेल संघ के प्रमुख माइकल फेनले ने भी मंगलवार रात हुई इस दुर्घटना के लिए अफसोस जताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications