बिहार चुनाव : कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में लगाई आग
पुलिस के अनुसार कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के समक्ष सुबह से ही धरना पर बैठे थे, लेकिन दोपहर के बाद वे अचानक उग्र हो गए और कार्यलय में तोड़फोड़ की, बाद में कार्यालय भवन में आग भी लगा दी।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नालंदा जिला के हरनौत और हिलसा विधानसभा क्षेत्र के लिए पार्टी ने जनता दल (युनाइटेड) के लोगों के इशारे पर प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं।
विरोध कर रहे कांग्रेस नेता कैप्टन शाहिद ने बताया कि हरनौत से वसुंधरा देवी को प्रत्याशी बनाया गया है जो जद (यु) की समर्थक हैं, जबकि हिलसा से अरुण सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है जिन पर पार्टी के विरुद्ध कार्य करने का आरोप है। एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि जब तक इन दोनों प्रत्याशियों को बदला नहीं जाएगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।
गौरतलब है कि इन दोनों सीटों पर मतदान पांचवें चरण में होना है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा के 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच मतदान होने हैं। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications