मुंडा मंत्रिमंडल का विस्तार, 9 नए मंत्री शामिल
राज्यपाल एम.ओ.एच फारूख ने पूर्वाह्न् 11.25 बजे राजभवन में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मुंडा मंत्रिमंडल में मंत्रियों की कुल संख्या अब 12 हो गई है।
मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नौ नए मंत्रियों में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के चार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन तथा ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और जनता दल (युनाइटेड) के एक-एक विधायक हैं।
झामुमो के चार नए मंत्रियों में - हेमालाल मुर्मू, चम्पई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी एवं मथुरा महतो शामिल हैं। 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल में झामुमो के प्रतिनिधियों की कुल संख्या उपमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पांच हो गई है। हेमंत पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन के पुत्र हैं।
मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले भाजपा के तीन नए सदस्य हैं बैजनाथ राम, विमला प्रधान एवं सत्यानंद झा। आजसू और जद (यु) के सदस्य हैं क्रमश: चंद्र प्रकाश चौधरी तथा गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर।
मुंडा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा सहित भाजपा के प्रतिनिधियों की संख्या बढ़कर अब चार हो गई है। आजसू के दो और जद (यु) के एक सदस्य मंत्री के रूप में शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि मुंडा 11 सितम्बर को झामुमो, आजसू, जद (यु) और दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन से राज्य के आठवें मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने विधानसभा में 14 सितम्बर को बहुमत साबित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications