पाकिस्तान ने सीमा को जल्द खोलने का वादा किया : नाटो प्रमुख
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार एक सप्ताह पहले नाटो के हेलीकाप्टरों द्वारा सीमा पार से किए गए हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई थी। नाटो ने इस घटना के लिए माफी मांग ली थी, लेकिन पाकिस्तान ने घटना के विरोधस्वरूप एक प्रमुख सीमा मार्ग को बंद दिया था। इसके परिणामस्वरूप नाटो का कारवां रुक गया था और उस पर हमले की आशंका बन गई थी।
एंडर्स फोह रासमुसेन ने कहा, "पाकिस्तानी असैन्य एवं सैन्य प्रशासन ने हमें आश्वस्त किया है कि हम अपने रक्षा दल के लिए सीमा को जल्द खोल दिए जाने की उम्मीद कर सकते हैं।"
सीमा बंद होने के बाद से आतंकियों ने पाकिस्तान के अंदर नाटों के कई रक्षा दलों पर हमले किए और दर्जनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
रासमुसेन ने कहा, "सुरक्षा की दृष्टि से यह आवश्यक है कि सीमा खोल दी जाए।"
नाटो और पाकिस्तान, दोनों का कहना है कि वे तालिबान से संबद्ध आतंकियों के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं। ये आतंकी दोनों देशों पर हमला करने के लिए अफगानिस्तान-पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्र को अपने अड्डे के रूप में इस्तेमाल करते हैं।
पिछले सप्ताह नाटो द्वारा सीमा पार से पाकिस्तान में की गई घुसपैठ के बाद इस्लामाबाद नाराज हो गया।
नाटो की अधिकांश आपूर्तियां ट्रक के जरिए पाकिस्तान से अफगानिस्तान लाई जाती हैं।
नाटो प्रवक्ता जेम्स अप्पाथुरई ने बुधवार को कहा था कि सीमा बंद किए जाने का सैनिकों पर तत्काल कोई असर नहीं होगा, क्योंकि नाटो के पास अफगानिस्तान में आपूर्ति के कई मार्ग हैं और ईंधन व उपकरणों का पर्याप्त भंडार पहले से तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications