शनिवार तक खत्म हो जाएगा कर्नाटक संकट : पर्रिकर (लीड-1)
पर्रिकर ने शुक्रवार की सुबह यहां के एक पांच सितारा होठल में ठहरे कर्नाटक के बागी विधायकों से बातचीत करने के बाद यह बात कही।
होटल के बाहर पत्रकारों को संबोधित करते हुए पर्रिकर ने जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच. डी. कुमारस्वामी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया। कर्नाटक के 14 बागी विधायक इसी होटल में ठहरे हुए हैं।
पर्रिकर ने कहा कि यह पार्टी के भीतर का विवाद है और इसे शनिवार तक सुलझा लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, "मैंने हर किसी से मुलाकात की। निर्दलीय विधायकों से भी। मैंने विधायकों को भाजपा में बने रहने को कहा।" उन्होंने कहा कि स्थिति धीरे-धीरे ठीक हो रही है।
पर्रिकर ने कहा, "एच. डी. कुमारस्वामी यहां खरीद-फरोख्त के लिए आए हैं। हम क्यों खरीद-फरोख्त में शामिल हों। वे हमारे अपने विधायक हैं।"
विधायकों से मुलाकात से पहले पर्रिकर ने कहा, "कुछ मुद्दे हैं जिन पर हम चर्चा करेंगे और उनका समाधान निकालेंगे। मुझे ऐसा विश्वास है।"
कर्नाटक भाजपा के नौ और पांच निर्दलीय विधायक बागी तेवर अपनाने के बाद गुरुवार से यहां के ताज एग्जोटिका में ठहरे हुए हैं। यद्यपि, भाजपा की कर्नाटक इकाई ने आरोप लगाया है कि उसके विधायकों को बंधक बनाया गया है।
गोवा में मौजूद कर्नाटक के पर्यटन मंत्री जर्नादन रेड्डी ने कहा, "उन्हें पुलिस के सहयोग से नजरबंद रखा गया है। शुरू में उनसे किसी को मिलने तक की इजाजत नहीं थी।"
उन्होंने कहा कि भाजपा के उत्तरी गोवा से सांसद श्रीपद नाइक, पर्रिकर और राज्य भाजपा के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत परसेंकर को भी होटल में घुसने से सुरक्षाकर्मियों ने रोका। बाद में नाइक और पर्रिकर को होटल में जाने दिया गया लेकिन उनके वाहन को होटल परिसर में नहीं घुसने दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications