इजरायल ने अमेरिका से 20 लड़ाकू विमान खरीदे
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इजरायली रक्षा मंत्रालय में महानिदेशक एहुद शानी ने बताया कि विमान निर्माता कम्पनी 'लॉकहीड मार्टिन कॉर्पोरेशन' वर्ष 2015 से 2017 के बीच 'एफ-35' लड़ाकू विमानों की आपूर्ति करेगी।
लड़ाकू विमान के सौदे पर गुरुवार को न्यूयार्क में शानी ने हस्ताक्षर किया। अमेरिकी आपूर्तिकर्ता कम्पनी ने इजरायल के सामने भविष्य में 75 और विमानों को खरीदने का विकल्प भी रखा है।
लड़ाकू विमानों से जुड़ा यह सौदा ऐसे समय में किया गया है, जब मध्य पूर्व में तनाव का माहौल है। मध्य पूर्व में तनाव का मुख्य कारण ईरान का विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम हैं, जिसके बारे में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का मानना है कि वह परमाणु हथियारों के विकास में लगा हुआ है।
शानी ने इस सौदे को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा, "यह एक ऐतिहासिक घटना है और इजरायली सेना के लिए एक नए युग की शुरुआत है।" इजरायली सेना को पड़ोस के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications