100 ताकतवर महिलाओं में नूयी, शिखा, कोचर
वाशिंगटन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। फोर्ब्स पत्रिका द्वारा जारी की गई दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा के साथ दो भारतीय महिलाओं के भी नाम शामिल हैं। सूची में मिशेल शीर्ष स्थान पर हैं तो भारतीय मूल की पेप्सिको की प्रमुख इंदिरा नूयी का स्थान छठा है।
पत्रिका की इस वार्षिक सूची में एक्सिस बैंक की मुख्य कार्यकारी अधिकारी 49 वर्षीय शिखा शर्मा 89वें स्थान पर हैं जबकि आईसीआईसीआई बैंक की मुख्य कार्यकारी अधिकारी 48 वर्षीय चंदा कोचर 92वें स्थान पर हैं।
क्राफ्ट फूड्स की प्रमुख इरीनी रोजेनफील्ड द्वितीय स्थान पर हैं। प्रथम पांच स्थानों पर रही महिलाओं में मीडिया हस्ती ओपराह विनफ्रे, जर्मनी की चांस्लर एंजेला मर्केल और अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भी शामिल हैं।
गायिका लेडी गागा सातवें और बेयोन्से नोल्स नौवें स्थान पर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक इस साल की सूची तैयार करने में रचनात्मकता और उद्यमिता पर विशेष ध्यान दिया गया है।
शीतल पेय बनाने वाली कम्पनी पेप्सिको की प्रमुख नूयी सूची में छठे स्थान पर हैं।
चंदा कोचर भारत के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े और देश के चौथे सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई को चलाने वाली पहली महिला हैं। हाल ही में वह अपने कार्य को विस्तार देते हुए 463 शाखाओं और 4,000 कर्मचारियों वाले निजी क्षेत्र के बैंक ऑफ राजस्थान का अधिग्रहण किया हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications