हरियाणा के गृह सचिव कृष्ण मोहन हटाए गए
चण्डीगढ़, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के गृह सचिव कृष्ण मोहन के विरुद्ध केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कराए जाने के दो दिन बाद राज्य सरकार ने उन्हें इस पद से हटा दिया है।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि वित्तीय आयुक्त एवं प्रधान सचिव समीर माथुर राज्य के नए गृह सचिव होंगे। इससे पहले वह परिवहन विभाग में तैनात थे।
कृष्ण मोहन का स्थानांतरण बुधवार को वन विभाग में कर दिया गया। केशनी आनंद अरोड़ा नए परिवहन सचिव होंगे।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने मंगलवार को कृष्ण मोहन और दो अन्य नौकरशाहों चण्डीगढ़ प्रशासन के पूर्व सलाहकार (मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी) ललित शर्मा और हरियाणा काडर के अधिकारी विवेक अत्रे के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कराया था। करोड़ों रुपये की मनोरंजन एवं थीम पार्क परियोजना में इन अधिकारियों की भूमिका को लेकर मामला दर्ज किया गया है।
परियोजना के निर्माण कार्य में शामिल निजी कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ भी सीबीआई ने मामला दर्ज किया है।
सभी लोगों पर परियोजना के नियमों, मानदंडों का उल्लंघन करने तथा अपने पद का गलत इस्तेमाल करने के कारण भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications