ओबामा की यात्रा से व्यापार संबंधों को बढ़ावा मिलेगा : अमेरिकी समूह
वाशिंगटन, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवंबर में अपनी भारत यात्रा की शुरुआत मुम्बई में एक बड़ी व्यापार बैठक से करने के अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के फैसले से भारत के साथ अमेरिका के व्यापारिक संबंधों का महत्व उजागर हुआ है। एक प्रमुख व्यापार संगठन ने यह बात कही।
दीवाली की रात पांच नवंबर को भारत पहुंच रहे ओबामा भारत-अमेरिका व्यापार परिषद (यूएसआईबीसी), अमेरिकी वाणिज्य विभाग और भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा मुंबई में छह नवंबर को आयोजित व्यापार बैठक में हिस्सा लेंगे।
इस बैठक में भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास और क्रय शक्ति बढ़ने से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को होने वाले फायदे, अमेरिकी उद्यमों में भारतीय कम्पनियों के निवेश और नई पीढ़ी के उद्यमियों द्वारा उपयोग की जा रही प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
यूएसआईबीसी के अध्यक्ष रोन सोमर्स ने कहा, "राष्ट्रपति व्यापार बैठक में शामिल होने के लिए सहमत हुए हैं इससे पता चलता है कि अमेरिकी प्रशासन भारत से अपने वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने पर खासा ध्यान दे रहा है।"
"अमेरिका को रोजगार की जरूरत है और भारत से वाणिज्यिक संबंधों पर ध्यान देकर अमेरिका अपने यहां रोजगार बढ़ाना चाहता है। इसके अलावा भारत को प्रौद्योगिकी क्षमता के विकास में सहयोग मिलने से अगले कुछ दशकों तक भारत में समेकित विकास का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।"
सोमर्स ने कहा, "भारत की यात्रा पर आने वाले छठे राष्ट्रपति और अपने कार्यकाल के दौरान पहली बार भारत आ रहे ओबामा भारत अमेरिका साझेदारी को मजबूत बनाना चाहते हैं वह इस साझेदारी को 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारी का रूप देना चाहते हैं।"
ओबामा अपनी यात्रा के दौरान सात नवंबर को अमृतसर जाएंगे और इसके बाद नई दिल्ली पहुंचेगे जहां राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत होगा। वह संभावित रूप से आठ नवंबर को संसद के संयुक्त सदन को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वह अन्य चार देशों के दौरे पर इंडोनेशिया रवाना हो जाएंगे।
अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा भी संभावित रूप से उनके साथ होंगी। उनके बच्चे मालिया और साशा अपनी पढ़ाई के चलते भारत नहीं जा पाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications