महाराष्ट्र: धमाके में चार सुरक्षकर्मियों की मौत

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली ज़िले में हुए एक विस्फोट में चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है. मरने वालों में दो केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के जवान और दो महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारी बताए जा रहे हैं.
ये सुरक्षाकर्मी गढ़चिरौली ज़िले के पेरीलिमिली गांव के बाज़ार में घूम रहे थे कि तभी वहां एक विस्फोट हुआ. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इस हमले में सीआरपीएफ़ के एक इंसपेक्टर और एक सिपाही के अलावा महाराष्ट्र पुलिस के दो सब-इंसपेक्टर मारे गए हैं.
ये सभी सुरक्षाकर्मी इस क्षेत्र में माओवादियों के ख़िलाफ़ अभियान में शामिल थे. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाक़े में अतिरिक्त पुलिस बल और एक बचाव दल रवाना कर दिया गया है.
ख़बरों के मुताबिक घटनास्थल पर और भी पुलिसकर्मी मौजूद थे. पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में माओवादियों को पकड़ने के लिए सघन अभियान शुरु कर दिया गया है.
ये इलाका गढ़चिरौली के अहेरी तालुका में पड़ता है जो वामपंथी अतिवाद से बुरी तरह प्रभावित है. पिछले साल भी अक्तूबर में इस ज़िले में एक नक्सली हमले में 17 पुलिसकर्मी मारे गए थे












Click it and Unblock the Notifications