'बिगबॉस 4' में बाधा डालने में 20 शिवसैनिक गिरफ्तार (लीड-1)
लोनावाला पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि भांगरवाड़ी रोड स्थित भवन के बाहर करीब 50 शिवसेना कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और उन्होंने भवन में जाने का प्रयास किया। भवन में दो पाकिस्तानी कलाकार अन्य 14 प्रतियोगियों के साथ ठहरे हुए हैं।
अधिकारी ने बताया, "हमने उन्हें परिसर में दाखिल होने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान निजी संपत्ति में जबरदस्ती दाखिल होने के आरोप में हमने करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। "
इसके पहले शिवसैनिकिों ने पाकिस्तानी कलाकार मॉडेल वीना मलिक और टेलीविजन प्रस्तोता अली सलीम को रियलिटी शो में शामिल करने पर मनोरजंन चैनल कलर्स के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए।
पुणे जिले के शिव सेना प्रमुख मछिंद्रा खारदे ने आईएएनएस को बताया कि प्रदर्शनकारी भवन परिसर में जाने में सफल हो गए और उन्होंने पाकिस्तानी कलाकारों को कार्यक्रम से निकाले जाने तक इसका प्रदर्शन रोकने की मांग की।
खारदे ने दावा किया, "हमने वहां साइट प्रोडक्शन से मिलकर कार्यक्रम की शूटिंग रोकने की मांग की। लेकिन उसने ऐसा करने से मना कर दिया। जब हमने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी तब वह शूटिंग रोकने के लिए तैयार हुआ।"
उधर, मनोरजंन चैनल के आधिकारिक प्रवक्ता ने कार्यक्रम की शूटिंग रोके जाने की बात से इंकार किया।
प्रवक्ता ने बताया कि शिव सैनिक भवन परिसर में आए थे। उन्होंने नारे लगाए और अपनी मांगों का एक ज्ञापन देकर चले गए। शूटिंग बाधित नहीं हुई और यह समय पर चैनल पर दिखाई जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications