बिहार चुनाव : टिकट बंटवारे को लेकर थम नहीं रही नाराजगी (राउंडअप)
कांग्रेस और जनता दल (युनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को भी कायकर्ताओं ने प्रदर्शन किया वहीं जद (यु) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद अबु तालिब रहमानी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दामन थाम लिया।
रहमानी ने अपने कई समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता ग्रहण की और इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ वोट के लिए अल्पसंख्यकों साधते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ अल्पसंख्यकों के कल्याण का आश्वासन ही देते हैं। राजद में लालू प्रसाद ने रहमानी का स्वागत किया।
इस मौके पर पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजद के अध्यक्ष एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद ने कहा कि बुधवार से वे बिहार विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रचार का प्रारंभ करेंगे तथा शनिवार को राबड़ी देवी दोनों सीटों के लिए नामांकन पर्चा दाखिल करेंगी।
उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी शनिवार को दोनों सीटों राघोपुर और सोनपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पर्चा भरेंगी।
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के बयान पर उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर दोनों में हिम्मत है तो वे एक-एक सीट पर राबड़ी से मुकाबला कर लें।
गौरतलब है कि मोदी ने राबड़ी को दो सीटों पर चुनाव लड़ने का कारण हार का डर बताया था।
उन्होंने एक बार फिर कहा कि नीतीश ने सभी को धोखा दिया है। इस पर उन्होंने कहा कि 'कोई ऐसा सगा नहीं जिसको नीतीश ने ठगा नहीं।' उन्होंने राज्य के सभी लोगों से सुखद बिहार बनाने के लिए आगे आने का आान किया।
उन्होंने टिकट चाहने वाले के लिए कहा कि वह सात दिनों से उनके डर से घर में नहीं रह रहे थे। "टिकट चाहने वालों और मुझमें लुक्का-छुप्पी का खेल हो रहा था।"
इस बीच, टिकट बंटवारे से नाराज कार्यकर्ताओं का मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहा। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में महुआ विधानसभा से आए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के बिहार प्रभारी मुकुल वासनिक तथा प्रदेश अध्यक्ष महबूब अली कैसर का 'अर्थी जुलूस' निकालकर प्रदर्शन किया। जबकि विभूतिपुर विधानसभा क्षेत्र के नाराज कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का प्रदेश कार्यालय में धरना लगातार चौथे दिन भी जारी रहा।
जद (यु) के प्रदेश कार्यालय में भी शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने टिकट बंटवारे में कर्मठ कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं दिए जाने की मांग को लेकर जद (यु) का प्रतीकात्मक अर्थी बनाकर अर्थी जुलूस निकाला और उसका अंतिम संस्कार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिहार में होने वाला विधानसभा चुनाव राज्य का भविष्य तय करेगी। इस चुनाव का परिणाम राज्य को सवांरेगा या बिगाड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने सोमवार की रात अपने प्रशंसकों के लिए लिखे अपने ब्लॉग में कहा है कि चुनावी व्यस्तताओं के कारण लंबे समय के बाद वे हाजिर हुए हैं। उन्होंने प्रशंसकों से पर्वो के बीच मतदान पर्व नहीं भूलने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि मेरे विचार से यह चुनाव राज्य 'बिगड़ेगा या संवरेगा' जैसा है। यह आप लोगों को तय करना है कि आने वाले दिनों में बिहार के विकास का हिस्सा बने या फिर पुराने दिनों में जातिगत राजनीति का शिकार बनें। उन्होंने कहा है कि बिहार चुनाव पर राष्ट्रीय, अतंर्राष्ट्रीय निवेशकों की नजर है। राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने पर राज्य में निवेश और उद्योग के लिए हालात और सुदढ़ होंगे।
उन्होंने दावा किया कि 2015 तक बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने ब्लॉग में लिखा है कि वे हमेशा मानते रहे हैं कि विकास का मुद्दा अन्य मुद्दों को पीछे छोड़ देगा। हाल के समाचार पत्र के सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है कि इस चुनाव में मतदाता विकास को ही प्रमुख मुद्दा बनाने के पक्ष हैं।
उन्होंने लोगों को आश्वासन भी दिया है कि राज्य में बिजली की स्थिति बेहतर करूंगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य में 243 सीटों पर छह चरणों के तहत 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चुनाव होने हैं। मतगणना 24 नवंबर को होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications