स्कूली बस पलटने से राहगीर की मौत, 12 छात्र घायल
घटना जिले के कोतवाली देहात इलाके में हरदोई-लखनऊ रोड पर मंगलवार दोपहर बाद झ्झाला कस्बे के पास हुई जब सदाशिव शिक्षा निकेतन स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में जा पलटी। बस में 8 से 12 वर्ष के बीच के करीब 30 छात्र सवार थे और छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे।
कोतवाली देहात प्रभारी आर.पी. मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि घायल छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां छह की हालत नाजुक बनी हुई है। कुछ को मामूली चोटें आईं जिन्हें प्राथमिक उपचार कराकर घर भेज दिया गया है।
मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से अचानक एक वाहन आ जाने से बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में साइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications