कश्मीर पैकेज के विरोध में एक और दल शामिल
जम्मू, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। कश्मीर मसले का हल निकालने के लिए केंद्र सरकार के आठ बिंदुओं वाले फार्मूले के विरोध में मंगलवार को जम्मू का क्रांति दल भी शामिल हो गया। क्रांति दल ने इस फार्मूले को 'जम्मू विरोधी' और 'राष्ट्र विरोधी' करार दिया है।
क्रांति दल ने जम्मू एवं कश्मीर की शीतकालीन राजधानी के प्रमुख चौराहे इंदिरा चौक पर प्रदर्शन किया। यह स्थान सचिवालय से आधा किलोमीटर से कम दूरी पर स्थित है। यह विरोध प्रदर्शन केंद्र के पैकेज के खिलाफ जम्मू आधारित समूहों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन का हिस्सा है।
क्रांति दल के वीरेंद्रजीत सिंह ने कहा, "यह भारत विरोधी पैकेज है।"
क्रांति दल के अलावा शिवसेना, जम्मू स्टेट मोर्चा, जम्मू मुक्ति मोर्चा और दूसरे अन्य समूह भी गृह मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा गत 25 सितंबर को घोषित इस पैकेज के विरोध में प्रदर्शन कर चुके हैं।
लोगों की आपत्तियों के बारे में जम्मू चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष वाई.वी. शर्मा ने कहा कि पैकेज के आठ में से सात मुद्दे कश्मीर घाटी के लोगों के पक्ष में हैं। जबकि पैकेज का केवल एक मुद्दा जम्मू और लद्दाख के लिए टास्क फोर्स का गठन इस क्षेत्र के लोगों के पक्ष में है।
शर्मा ने आईएएनएस को मंगलवार को बताया, "यह सरासर भेदभाव का तरीका है। केंद्र सरकार ने जम्मू के लोगों के हितों को नजरअंदाज किया है।"
उल्लेखनीय है कि जम्मू के व्यापारियों और राजनीतिक दलों ने इस फार्मूले के विरोध में गत 30 सितंबर को हड़ताल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications