मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे, आवागमन बाधित
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में मंगलवार को एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए जिस कारण व्यस्त दिल्ली-लखनऊ रेलमार्ग पर परिचालन बाधित हो गया। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसा आज सुबह बरेली से करीब 30 किलोमीटर दूर रसोइया स्टेशन के निकट हुआ, जब लखनऊ की तरफ से मुरादाबाद जा रही एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में अप और डाउन दोनों पटरियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे फिलहाल दिल्ली-लखनऊ रेलमार्ग पर रेलगाड़ियों की आवाजाही रूक गई है।
बरेली के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी अयूब खान ने संवाददाताओं को बताया कि रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त रेलमार्ग की मरम्मत कर रहे हैं। जल्द रेलमार्ग पर यातायात सुचारू कर लिया जाएगा। हादसे के चलते करीब 10 रेलगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। उन्हें फिलहाल बरेली, मुरादाबाद व अन्य स्टेशनों में खड़ा किया गया है। खान ने कहा कि हादसा किन कारणों से हुआ यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। रेल अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications