कश्मीर पर केंद्र की पहल का सोनिया ने किया स्वागत
कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी की मंगलवार को हुई बैठक में जम्मू एवं कश्मीर के मसले पर चर्चा के दौरान सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार की पहल का स्वागत किया।
पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी जनार्दन द्विवेदी ने बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "बैठक में जम्मू एवं कश्मीर में हिंसा की विभिन्न घटनाओं में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने जम्मू एवं कश्मीर में शांति बहाली के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का स्वागत किया।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में गत पांच अक्टूबर को हुई सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक में कश्मीर मुद्दे पर बातचीत के लिए वार्ताकारों का एक समूह गठित करने और हाल की पथराव की घटनाओं में गिरफ्तार किए गए युवकों को जल्द ही रिहा करने सहित आठ सूत्रीय राहत पैकेज की घोषणा की गई थी।
ज्ञात हो कि कश्मीर घाटी में 11 जून से शुरू हुए हिंसा के दुष्चक्र के बाद एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश का दौरा किया था। पिछले तीन महीनों के दौरान सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने वाली भीड़ पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। मृतकों में अधिकांश युवक और किशोर शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications