हत्या का दोषी करार दिए जाते ही पूर्व मंत्री की मौत
मुंगेर की विशेष अदालत के न्यायाधीश सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने करीब नौ वर्ष पुराने आठ लोगों की हत्या के एक मामले की सुनवाई करते हुए बिहार के पूर्व ग्रामीण विकास राज्य मंत्री संजय सिंह समेत आठ लोगों को दोषी करार दिया।
न्यायालय के एक अधिकारी के मुताबिक इस मामले में 11 लोगों को आरेापी बनाया गया था जिसमें एक आरोपी पूर्व सांसद राजो सिंह की अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर दी गई थी जबकि शेष दो लोगों को न्यायालय ने मंगलवार को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया। सजा के लिए न्यायालय ने सात अक्टूबर की तिथि तय की थी।
दोषी करार दिए जाने के बाद संजय सिंह की न्यायालय परिसर में ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऐसा लगता है कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई।
इधर, बचाव पक्ष के अधिवक्ता विजय सिंह ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह इस फैसले के विरुद्ध उच्च न्यायालय में अपील करेंगे।
उल्लेखनीय है कि जिले के टाटी नदी के पुल के पास 26 दिसम्बर, 2001 को राष्ट्रीय जनता दल के तत्कालीन जिलाध्यक्ष काशीनाथ यादव समेत आठ लोगों की हत्या कर दी गई थी। संजय सिंह कांग्रेस के पूर्व सांसद राजो सिंह के पुत्र थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications