लालू बुधवार से शुरू करेंगे चुनाव प्रचार
पटना में मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए लालू ने कहा कि राबड़ी देवी शनिवार को राघोपुर और सोनपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर लालू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर दोनों में हिम्मत है तो वे एक-एक सीट पर राबड़ी से मुकाबला करें।
गौरतलब है कि सुशील मोदी ने कहा था कि राबड़ी देवी हार के डर से दो सीटों से नामांकन पत्र दाखिल कर रही हैं।
लालू ने एक बार फिर कहा कि नीतीश ने सभी को धोखा दिया है। उन्होंने कहा, "कोई ऐसा सगा नहीं जिसको नीतीश ने ठगा नहीं।" उन्होंने राज्य के सभी लोगों से सुखद बिहार बनाने के लिए आगे आने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि राज्य में 243 सीटों पर छह चरणों के तहत 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चुनाव होने हैं। मतगणना 24 नवंबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications